रायगढ़। रायगढ़ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर दो बाइकों के बीच हुई टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी बाइक से किस्त जमा कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में दूसरी बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार मांझी निवासी नवाडीह, कुडुमकेला, सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को अपनी पल्सर बाइक क्रमांक CG 13 AR 3770 से किस्त जमा करने घरघोड़ा आया था। किस्त जमा करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब 12 बजे वह घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आगे भारत गैरेज के सामने पहुंचा था।
तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
इसी दौरान शिकायतकर्ता के अनुसार, कुडुमकेला-टेरम की ओर से आ रही बाइक क्रमांक CG 11 AQ 3664 के चालक ईश्वरी प्रसाद सोनी, निवासी लिमगांव, थाना अड़भार, जिला सक्ती ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सूरज की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सूरज बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद घायल सूरज को डायल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घरघोड़ा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव को शवगृह में रखा गया था।
परिजन की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूसरी बाइक के चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें सूरज कुमार मांझी की जान चली गई। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



