कंपनी परिसर में खड़ा मिला ट्रक, भाई की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के नहरपाली स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी में कोयला खाली करने पहुंचे राजस्थान के एक ट्रक चालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। चालक की तबीयत बिगड़ने पर उसे चपले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इसके बाद वह अचानक अस्पताल से कहीं चला गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र के ग्राम उमर निवासी अमर सिंह का छोटा भाई धारा सिंह अपना ट्रक क्रमांक RJ 08 GA 8128 चलाता है। वह ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित जेट रोडवेज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रक चलाता था। 27 सितंबर को कोयला लोड कर वह शाम करीब 6 बजे रायगढ़ जिले के नहरपाली स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी पहुंचा था।
तबीयत बिगड़ने पर चपले अस्पताल में कराया गया था भर्ती
परिजनों के मुताबिक, 28 सितंबर की शाम धारा सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए चपले अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, 29-30 सितंबर के दौरान वह बिना किसी को बताए अस्पताल से कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं, उसका ट्रक जेएसडब्ल्यू कंपनी परिसर में ही खड़ा मिला।
मोबाइल बंद, परिजन परेशान
धारा सिंह का मोबाइल फोन बंद आने के कारण परिजन उससे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर अमर सिंह ने खरसिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके भाई को प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया होगा। मामले में भाई की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


