कोरबा। जंगल में विचरण कर रहे जंगली हाथियों के एक दल को ड्रोन कैमरे में कैद किया गया है। बीती रात धरमजयगढ़ वन मंडल से हाथियोंका यह दल कोरबा जिले में पहुंचा है। जिसके बाद से वन विभाग ने कई गांव में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सावधान रहने को कहा है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में हाथियों की मौजूदगी के बीच किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीती रात धरमजयगढ़ वन मंडल की ओर से 17 हाथियों का एक दल कूदमुरा रेंज के कलमीटिकरा बीट में पहुंचा। इस दल में 4 नर, 12 मादा और एक शावक समेत कुल 17 हाथी शामिल हैं। हाथियों के इस दल ने इलाके के 12 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
वहीं, जिले के जिल्गा गांव में भी हाथियों के एक अन्य दल ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। यहां 22 किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। इस तरह जिले में हाथियों के कारण कुल 34 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
कोरबा जिले में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ड्रोन कैमरों की मदद से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। इसी निगरानी के दौरान कलमीटिकरा बीट में 17 हाथियों के दल को ड्रोन कैमरे में देखा गया। ड्रोन के जरिए हाथियों की लोकेशन का पता लगाने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल रही है।
हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में हाथियों की निगरानी के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतना भी जरूरी है, ताकि किसानों को नुकसान से बचाने के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


