रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों ने जिस स्वाभिमानी और सशक्त समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। हजारों की संख्या में पहुंचे जनजातीय समाज के लोगों की मौजूदगी में समारोह उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ समाज के लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर पारंपरिक उत्पादों और जनजातीय संस्कृति की जानकारी ली। इस अवसर पर पारंपरिक मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की मिसाल है। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहां के 14 महान जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से जूझ रहे गरीबों तक अनाज पहुंचाने के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी थी। इसी तरह वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जननायकों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस संग्रहालय में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और गौरवशाली विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है।
6,691 गांवों तक पहुंच रहीं विकास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 32 किस्तों के माध्यम से लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना भी दोबारा शुरू की गई है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पारंपरिक पदाधिकारियों की वार्षिक सम्मान राशि भी 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है।
कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेशभर में धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिसके बाद प्रदेश में केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों में भीड़ व लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
वर्चुअल संबोधन में नितिन नवीन ने दी शुभकामनाएं
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण वह कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।





