रायगढ़। धान खरीदी का सीजन शुरू होने के बीच किसानों को धान विक्रय पंजीयन और धान बेचने में हो रही परेशानियों को लेकर अब आवाज उठने लगी है। किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्राम नेतनागर निवासी किसान हितैषी लल्लू सिंह ने तहसीलदार पुसौर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है।
ज्ञापन में लल्लू सिंह ने कहा है कि वर्तमान में किसानों को धान विक्रय पंजीयन कराने और धान बेचने के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं का यथाशीघ्र निराकरण कराने की मांग की है, ताकि कोई भी किसान धान विक्रय से मिलने वाले लाभ से वंचित न रह जाए।
लल्लू सिंह ने ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक भी किसान छोटे या बड़े स्तर पर धान विक्रय पंजीयन से वंचित होता है, तो वे किसानों के हित में स्वयं तहसील कार्यालय पुसौर के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, रायगढ़ विधायक, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, जिला अध्यक्ष सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रायगढ़ को भी भेजी गई है।




