रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा रॉक गार्डन में प्रेमी के साथ घूमने गई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को खरसिया पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकाला। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती अपने मित्र के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान आरोपियों राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल ने युवती के मित्र पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद युवती को डराया-धमकाया और दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने कथित तौर पर घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को इसकी जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
घटना के बाद पीड़िता ने खरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को लेकर जुलूस निकाला और फिर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।





