जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को हनी ट्रैप में फंसाने और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में एक युवती समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने युवक को मिलने के बहाने चांपा बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करते हुए 60 हजार रुपये नगद और सोने की अंगूठी लूट ली थी।
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ जिले के रहने वाले मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान युवती लगातार उसे मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य गेट पर छोड़ दिया और खुद उससे मिलने आगे चला गया।
इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से जमकर मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 60 हजार रुपये नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच में युवती की भी इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।
पुलिस ने युवती समेत 6 आरोपियों को पकड़ा
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली जांजगीर में बीएनएस की धारा 115(2), 308(2), 111(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21), रवि झलरिया (24), किशन कर्ष (21), कुनाल पाण्डेय (20), मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19) और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है। सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
30 हजार नगद और दो बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करते समय सतर्क रहें
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और बातचीत करते समय सावधानी बरतें। बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।




