रायगढ़। शहर में साधु के वेश में घूम रहे ठगों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। कोष्टापारा मोहल्ले में रविवार सुबह दो कथित साधुओं ने पहले महिला से पीने के लिए पानी मांगा, फिर आशीर्वाद देने के बहाने उसे अपनी बातों में उलझाया। इसके बाद महिला का मंगलसूत्र उतरवाकर मौका मिलते ही लेकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला बेहोशी की हालत में घर के बाहर मिली। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे कोष्टापारा मोहल्ले में साधु के वेश में दो व्यक्ति पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महिला कांतिसेन से पीने के लिए पानी मांगा। पानी देने के बाद साधु उसके पति और बच्चों को आशीर्वाद देने लगे। इसी दौरान एक कथित साधु ने फूंक मारते हुए महिला को अपनी बातों में उलझाया और उसे मंगलसूत्र उतारकर आंचल में रखने के लिए कहा।
महिला के मुताबिक, इस पूरी घटना के बाद वह घर से बाहर गई और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इसी दौरान ठग उसके आंचल से मंगलसूत्र निकालकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिला का पति घर पहुंचा तो उसने पत्नी को बेहोशी की हालत में देखा। होश में आने के बाद महिला ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में रविवार सुबह करीब 11 बजे दो साधु कोष्टापारा इलाके में घूमते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक संदिग्ध कैमरे की नजर से बचने के लिए इधर-उधर घूमता नजर आ रहा है। महिला के पति के अनुसार, उनके घर की ओर का हिस्सा कैमरे में स्पष्ट दिखाई नहीं देता है।
इधर, पीड़िता ने सिटी कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही दोनों संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। शहर में साधु के वेश में हुई इस ठगी की घटना से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।




