रायगढ़। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि रास्ते में एक कार से भी उसकी टक्कर होते-होते बची। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह ट्रेलर तेज रफ्तार से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सीधे दुकान में जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, सड़क पर चल रही एक कार भी ट्रेलर की चपेट में आने से बाल-बाल बची।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेलर की लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
इस घटना ने एक बार फिर शहर के व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि ट्रेलर की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया, अन्यथा ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हो सकता था।




