Kakajee News

शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायगढ़ में प्रथम बैच का भव्य प्रवेशोत्सव एवं इंडक्शन सेरेमनी आयोजित

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायगढ़ में महाविद्यालय के प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु गरिमामय ‘प्रवेशोत्सव एवं इंडक्शन सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अस्पताल के लेक्चर हॉल में संपन्न हुआ। यह आयोजन महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा के एक नए और ऐतिहासिक अध्याय का शुभारंभ रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी. एस. पटेल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी, नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे, एनाटॉमी विभाग की डॉ. ऋचा गुरुदिवान, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सोफिया नूर, डॉ. ऋतु शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुआ। इसके पश्चात प्रथम बैच के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

प्राचार्य ने दिए ज्ञान, कौशल और संवेदना के तीन मंत्र
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फिजियोथेरेपी शिक्षा के महत्व, व्यावसायिक जिम्मेदारियों तथा महाविद्यालय की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन और पेशे में तीन मूल्यों – Knowledge (ज्ञान), Skills (कौशल) एवं Empathy (मानवीय संवेदना) को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए केवल अकादमिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक दक्षता, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण भी उतना ही आवश्यक है।

फिजियोथेरेपी – निराशा में आशा की किरण: डीन
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं डीन डॉ. संतोष कुमार ने फिजियोथेरेपी प्रोफेशन की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे निराशाजनक परिस्थितियों में आशा की नई किरण बताया। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी उन लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाती है, जो बीमारी, दुर्घटना या शारीरिक अक्षमता के कारण आत्मविश्वास खोने लगते हैं। यह पेशा लोगों को दोबारा चलने, कार्य करने और आत्मनिर्भर जीवन जीने की प्रेरणा एवं क्षमता प्रदान करता है।

अनुशासन और सम्मान ही सफलता की कुंजी: अधीक्षक
विशिष्ट अतिथि डॉ. डी. एस. पटेल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता एवं दूसरों के प्रति सम्मान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सफलता के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ अनुशासित जीवनशैली, सकारात्मक व्यवहार और सभी के प्रति सम्मान की भावना आवश्यक है।

इस अवसर पर डॉ. पूजा साहू ने विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के व्यापक कार्यक्षेत्र, विभिन्न चिकित्सा विधाओं में इसकी उपयोगिता तथा भविष्य में उपलब्ध व्यावसायिक एवं करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

व्हाइट कोट सेरेमनी बना विशेष आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण White Coat Ceremony रहा। नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर चिकित्सा क्षेत्र में उनकी नई शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा का शुभारंभ कराया गया। साथ ही प्रारंभिक क्लिनिकल शिक्षा के प्रतीक स्वरूप विद्यार्थियों को Percussion Hammer प्रदान किया गया। इस प्रतीकात्मक दीक्षा समारोह ने विद्यार्थियों में अपने पेशे के प्रति उत्साह, गर्व एवं जिम्मेदारी की भावना का संचार किया।

विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि प्रथम बैच का हिस्सा होने के कारण वे संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासन एवं भविष्य की पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्हें योग्य, कुशल एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए निरंतर अध्ययन, अभ्यास एवं नैतिक मूल्यों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे ने सभी अतिथियों, विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, अधिकारियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

यह प्रवेशोत्सव न केवल प्रथम बैच के स्वागत का अवसर रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ में फिजियोथेरेपी शिक्षा एवं पुनर्वास सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें