बेतिया जिले में शादी के दौरान एक लड़की ने सिंदूरदान के समय शादी करने से मना कर दिया। लड़की ने कहा कि लड़का मंदबुद्धि है इसलिए वह उससे शादी नहीं करेगी। इसके बाद वहां जमकर बवाल हुआ। लड़की और लड़के पक्ष वाले आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष इस कदर हंगामा कर रहे थे कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी उन्होंने हमला कर दिया। इसमें एक एएसआई का हाथ टूट गया।
यह घटना बेतिया जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा चैनपुर नूनिया टोली गांव की है। बताया जा रहा है कि 24 जून को योगापट्टी के हरपुरवा से बारात बहुअरवा चैनपुर गांव आई थी। यहां दुल्हन ने सिंदूरदान के समय शादी से यह कहते हुए मना कर दिया कि लड़का मंदबुद्धि है। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे सहित बारातियों को बंधक बनाकर दहेज और सामान वापस करने की मांग की।
स्थानीय लोगों की पहल पर घंटों बाद मामले को किसी तरह से शांत कराया गया। फिर जख्मी एएसआई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। वहीं बंधक बने दूल्हे और बाराती से नगदी सहित सारा सामान वापस लेकर छोड़ दिया गया।
पहले दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ बैठकर बात कर रहे थे। इसके बाद दोनों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। बात बढ़कर हाथापाई पर पहुंच गई। मझौलिया थाने को हंगामा होने की सूचना दी गई। इसके बाद एसएचओ अशोक कुमार के निर्देश पर एएसआई दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी को समझाने की कोशिश की। इस दौरान लोगों की पुलिस टीम के साथ हाथापाई हो गई। इसमें एएसआई का हाथ टूट गया।
