रायगढ़. दानवीर स्व. सेठ किरोड़ीमल ने जिलेवासियों के लिए जिस प्रकार अपनी दानवीरता दिखाते हुए अस्पताल, स्कूल, कॉलेज के निर्माण कार्य कराकर अपनी पहचान बनाई थी ठीक उसी तरह रायगढ़ का एक परिवार उद्योग जगत में पहचान बनाने के बाद अब जिले के लोगों के स्वास्थ्य के लिए आगे आकर काम करने का बीडा उठाया है। उद्योग जगत के एनआर गु्रप द्वारा शहर के मध्य में एक सर्वसुविधायुक्त अस्पताल बनाने का जिम्मा लिया है और जल्द ही आने वाली दीपावली तक यह अस्पताल मूर्त रूप ले लेगा। एनआर गु्रप के संजय अग्रवाल द्वारा जिला कलेक्टर भीम सिंह की पहल पर अशर्फी देवी महिला अस्पताल की एक जर्जर बिल्डिंग की जगह लगभग 1 करोड़ 15 लाख की लागत से अस्पताल का निर्माण शुरू कर दिया है।
कहते हैं कि दानवीर सेठ स्व. किरोड़ीमल की इस नगरी में दानवीरों की कोई कमी नही है। किसी भी परस्थिति में यहां के लोग दिल खोलकर सहायता के लिए सामने आते हैं। वहीं एनआर गु्रप के संचालक संजय अग्रवाल अपने पिता नंदकिशोर अग्रवाल व माता गुलाबी देवी के सपनों को साकार करने के लिए वह काम कर रहे हैं जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी बल्कि दूरस्त ग्रामीण अंचलों से आने वाली महिलाओं को प्रसव कराने के साथ साथ अन्य बीमारियों का इलाज कराने के लिए भटकना नही पड़ेगा।

बरसो पूर्व अशर्फी देवी अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा जर्जर पड़ा हुआ था और इस जर्जर पड़े हिस्से पर ट्रस्ट द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा था और वहां कभी भी बड़ी दुर्घटना होनें की आशंका बनी हुई थी जिसको लेकर कलेक्टर भीम सिंह ने उद्योगपति व एनआर गु्रप के संचालक संजय अग्रवाल से संपर्क करके जर्जर बिल्डिंग को गिराकर एक सर्वसुविधायुक्त महिला अस्पताल खोलने की चर्चा की थी। कलेक्टर के इस प्रस्ताव को संजय अग्रवाल ने तुरंत सहमति देते हुए लगभग 1 करोड़ 15 लाख की लागत से उस जगह नया अस्पताल बनाने का निर्णय लिया। इतना ही नही कलेक्टर भीम सिंह के मार्गदर्शन में इस अस्पताल का निर्माण कार्य तेज गति से शुरू भी हो गया और आने वाले तीन महीने के भीतर इसका निर्माण कार्य पूरा भी जाएगा।

स्पंज आयरन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व एनआर गु्रप के प्रमुख संजय अग्रवाल बताते हैं कि रायगढ़ में आने के बाद उन्होंने गांव से लेकर शहर तक के लोगों का भरपूर स्नेह मिलने के बाद ही एक बड़ा मुकाम हासिल किया है और इसीलिए उनके पिता नंदकिशोर अग्रवाल, माता गुलाबी देवी की मंशा के अनुरूप जिला मुख्यालय में एक अस्पताल खोलने का सपना देखा था जिसे कलेक्टर भीम सिंह के सहयोग से पूरा होते देख रहे हैं। संजय अग्रवाल बताते हैं कि एनआर उद्योग के माध्यम से उन्होंने हमेशा यह सोंचा था जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की और बढ़ोतरी कैसे हो इसके लिए हमेशा पिता व माता से चर्चा करते रहते थे।
कलेक्टर भीम सिंह ने जब उनको अशर्फी देवी अस्पताल की जर्जर बिल्डिंग की जगह नया भवन बनाकर वहां महिलाओं के लिए सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाने को कहा तो उन्होंने बिना किसी देरी के इसलिए स्वीकृति दे दी कि वे शुरू से ही एक जगह अस्पताल के लिए खोज ही रहे थे।
नए अस्पताल में सर्वसुविधायुक्त आपरेशन थियेटर, डिलीवरी रूम, कम से कम 10 बेड, की सुविधा के अलावा मरीजों के लिए अन्य सुविधाओं को देने के लिए निर्माण कार्य शुरू किये जा चुके हैं और जल्द ही इस भवन को दीपावली तक लोकार्पण कराने की पहल की जा रही है।
