छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बढ़ेगी रार! अब पुलिस ने सिंहदेव के करीबी पार्टी के सचिव पर दर्ज किया केस, स्वास्थ्य कर्मी से मारपीट का मामला

by Kakajee News

रायपुर ।छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच खींचतान अब किसी से छिपी नहीं है। अब यहां पुलिस ने राज्य कांग्रेस सचिव पंकज सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पंकज सिंह के बारे में कहा जा रहा है कि वो स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के काफी करीबी हैं। पंकज सिंह पर बिलासपुर के एक अस्पताल में एक स्वास्थ्य कर्मी के साथ मारपीट करने और गाली-गलौज करने का आरोप है। बिलासपुर के विधायक शैलेश पाडे पहले ही पंकज सिंह पर एफआईआर दर्ज करने का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या स्वास्थ्य मंत्री का करीबी होने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

अब इस एफआईआर के बाद इस बात की आशंका काफी बढ़ गई है कि सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच मौजूदा खींचतान और बढ़ जाएगी। दरअसल ढाई साल के सीएम के फॉर्मूले को लेकर भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच दूरियां बढ़ी थीं। टीएस सिंहदेव के समर्थक सीएम बदले जाने की मांग पर अड़ गए थे। जिसके बाद दिल्ली में आलाकमान के साथ इस मुद्दे पर सीएम की बैठक भी हुई थी। जिसके बाद यह कहा गया था कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ दौरे पर जल्द आएंगे और वो खासकर बस्तर में चल रहे विकास कार्यों को देखेंगे।

दिल्ली से लौटने के बाद सिंहदेव ने कहा था कि उनकी भी शीर्ष नेताओं से बातचीत हुई है और उन्होंने अभी सीएम बदलने पर फैसला अपने पास सुरक्षित रख लिया है। दिसंबर 2018 में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से 68 पर जीत हासिल की थी। इसके बाद ऐसा कहा जा रहा था कि बघेल और सिंहदेव के बीच पावर-शेयरिंग समझौते के तहत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सरकार बनाई थी।

पंकज सिंह पर दर्ज किये गये मुकदमे को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह घटना 18 सितंबर की है। पंकज सिंह राज्य सरकार द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ इंस्टिच्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सीआईएमएस), बिलासपुर के दौरे पर पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती एक मरीज का फोन आने पर वो इस अस्पताल में आए थे। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने कहा, ’18 सितंबर को हुई इस घटना का बारे में हमें 19 सितंबर को इस बारे में शिकायत मिली थी। सीआईएमएस में एक मरीज रेडियोलॉजी कराने के लिए आए थे। लेकिन किसी कारणवश मशीन काम नहीं कर रहा था।

तकनीकी खराबी की वजह से हो रही देरी के कारण मरीज ने पंकज सिंह को फोन कर बुलाया। जिसके बाद वो अस्पताल पहुंचे। पंकज सिंह रेडियोलॉजी में हो रही देरी की वजह से झल्ला गए और उन्होंने रेडियोग्राफर तुला टंडे से मारपीट की और उन्हें गालियां दी। अगले दिन टंडे थाने पहुंचे और उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज करवाई।’

पुलिस का कहना है कि उन्होंने इस मामले में जांच की है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला है। जिसके बाद सोमवार को केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पंकज सिंह पर भारतीय दंड संहिता की धारा 186 (सरकारी काम में बाधा पहुंचाने), धारा 353 (ऑन ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर हमला करने)के अलावा अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शुरुआती जांच हो चुकी है और आगे की जांच के बाद पंकज सिंह की गिरफ्तारी की जाएगी।

बहरहाल, मंगलवार को कांग्रेस विधायक शैलेश पांडे अपने समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि सिंहदेव से नजदीकी की वजह से पंकज सिंह को टारगेट किया जा रहा है। शैलेश पांडे ने कहा, ‘पुलिस यह बता पाने में असमर्थ है कि उसने पंकज पर केस क्यों दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद केस दर्ज किया गया है। मैं पूछना चाहता हूं पुलिस से कि क्या वो हमलोगों के खिलाफ भी केस दर्ज करेगी क्योंकि हम सिंहदेव के करीबी हैं। पिछले साल गरीबी की मदद करने पर पुलिस ने मेरे खिलाफ भी केस दर्ज किया था और अब पंकज को निशाना बनाया जा रहा है। सवालों के जवाब मिलना चाहिए।’


इधर इस पूरे मामले में राज्य कांग्रेस कम्यूनिकेशन प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह कानून तोड़ने का मामला है। उन्होंने कहा कि, ‘हम एक ऐसे राज्य में रह रहे हैं जहां सीएम के पिता पर भी केस दर्ज हुआ था क्योंकि उन्होंने एक समुदाय के खिलाफ बयान दिया था। कानून को अपना काम करने देना चाहिए।’

Related Posts

Leave a Comment