331
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में तेंदुए के लगातार बढ़ते आतंक को देखते हुए आखिरकार 38 दिनों के बाद आदमखोर तेंदुए को पकड़ने में सफलता मिली है। तेंदुए के लिए लगाए गए पिंजरे में वो फंस गया है। पिंजरे में फंसे तेंदुए को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भरतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम नौड़िया में आदमखोर तेंदुए के लगातार बढ़ते उत्पात को देखते हुए मुर्गा को बांधकर पिंजरे के अंदर रखा गया था। मुर्गे के लालच में मंगलवार रात तेंदुआ पिंजरे में घुसा और फंस गया।
तेंदुए के पिंजरे में फंसते ही वन विभाग और लोगों ने राहत की सांस ली। महज 38 दिनों के भीतर यह तेंदुआ 3 इंसान के अलावा कई मवेशियों की जान ले चुका है। तेंदुए के पिंजरे में फंसने के बाद उसे कानन पेंडारी बिलासपुर भेजा जा रहा है।
