पालीघाट सेल्फी प्वाइंट के पास मिले दो अज्ञात शवों के मामले में रायगढ़ पुलिस द्वारा ब्लाइंड डबल मर्डर केस का खुलासा, मुख्य आरोपियों सहित 5 की हुई गिरफ्तारी

by Kakajee News

मोनेट के पास की गई थी हत्या, शवों को फेंका पालीघाट में
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उत्तरप्रदेश के रहने वाले दो ट्रक चालकों की जघन्य हत्या करके उनके शवों को तमनार थाने के अंतर्गत आने वाले पालीघाट के पहाड़ियों में फेंककर मामले को छुपाने वाले पांच आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करते हुए इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है। पकड़े गए पांच आरोपियों के अन्य तीन साथी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं पुलिस ने इसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की राड तथा अन्य सामान बरामद किया है। इस हत्याकांड के पीछे हत्यारों ने मृतकांे को ट्रकों को कब्जे में करके उनको बेचने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से ये सभी हत्यारे पुलिस गिरफ्त में आ गए।


इस संबंध में जिले के पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने बताया कि 20 मार्च की शाम रायगढ़ जिले तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पालीघाट सेल्फी पाइंट में दो अज्ञात युवकों के शव मिले थे और ये शव चार दिन पुराने होनें के चलते इनकी जांच के लिये मौके पर फारेसिंक टीम को बुलाकर जब जांच की गई तब यह मामला हत्या से जुडा होना पाया गया और उसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में दोनों की हत्या किसी ठोस लोहे के वार से होना पाया गया और यह भी पता चला कि हत्या की वारदात को पालीघाट की बजाए किसी अन्य जगह अंजाम दिया गया था। तब इस हत्याकांड की जांच के लिये एक टीम बनाई गई जिसमें प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक प्रवीण ओझा व पवन उपाध्याय दोनों उत्तरप्रदेश के निवासी है और छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में रहकर बालाजी ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाते थे।


पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने बताया कि प्रवीण व पवन दोनों वाहन चलाकर भूपदेवपुर स्थित जेएसडब्ल्यू मोनेट इस्पात का सामान लेकर पहुंचे थे और वहां आरोपी मनोज साहू और अजय यादव के संपर्क में आये और दोनों ने अपने अन्य तीन साथियों के साथ एक योजना बनाई जिसमें प्रवीण व पवन को पहले बातचीत करते हुए जमकर शराब पिलाई और उसके बाद दोनों के सिर पर ट्रक में रखे लोहे के राड से सिर पर कई वार करके दोनों की हत्या करके उन्हीं की ट्रक में शवों को लादकर पहले रातभर शराब का सेवन करने के बाद दूसरे दिन 40 किलोमीटर दूर पालीघाट में फेंककर फरार हो गए थे। इस बीच इन सभी आरोपियों ने ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम तथा मृतकों के मोबाईल आॅफ कर दिये थे लेकिन इनकी गतिविधि मोनेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम अपनी जांच में यह भी जानकारी जुटाई कि बालाजी ट्रांसपोर्ट में दोनों 12 और 13 मार्च को बडबिल ओड़िशा से रायगढ़ मोनेट 14 मार्च को पहुंचे थे जो 15 मार्च को लगभग 12 बजे तक आयरन ओर वाली गाड़ी अनलोड़ करके निकले हैं।
हत्यारे वारदात के बाद ट्रकांे को बेचने का बना रहे थे प्लान
इस दोहरे हत्याकांड से जुडे हत्यारों ने दोनो ट्रक चालकों की हत्या के बाद उनके ट्रक को जांजगीर चांपा जिले इलाके में ले जाकर पहले उनका डीजल बेचा फिर लाशों को ठिकाने लगाकर ट्रकों को बेचकर मोटी रकम कमाने की योजना बना रहे थे इस बीच पुलिस को इनकी गतिविधियों के कई महत्वपूर्ण सुराग सीसीटीवी व मोबाईल के जरिये लगे तब पुलिस इन्हें दबोचने में कामयाब हुई।
शवों को परिवार वालों ने पहचाना
उत्तरप्रदेश के फतेहपुर में रहने वाले मृतक प्रवीण व पवन की पुरानी लाश मिलने की जानकारी परिवार वालों को अखबार व सोशल मीडिया के माध्यम से जारी हुई फोटो से पता चला और उसके बाद उन्होंने दोनों की पहचान जिला अस्पताल में जाकर की। पुलिस को परिवार वालों से पूछताछ के बाद यह पता चला कि दोनों युवक बीते कुछ माह से बालाजी ट्रांसपोर्ट में काम करते हुए छत्तीसगढ़ के बालौदाबाजार में रहते थे।
तमनार थाना में धारा 302, 201, 120बी, 34 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना में शामिल आरोपियों के नाम जिनकी गिरफ्तारी की गई है उनमें मनोज साहू पिता हीरालाल साहू 34 साल निवासी ढिमरापुर चैंक जगतपुर रायगढ़, अजय साव पिता कृपाराम साव 22 साल निवासी औरदा थाना पुसौर जिला रायगढ़, आकाश कहरा पिता गंगा प्रसाद आदित्य (कहरा) 28 साल निवासी छोटे कोनी, थाना कोनी जिला बिलासपुर, जुनैल खान पिता इदु खान उम्र 29 साल निवासी मौदहापारा थाना जूटमिल, राकेश खुंटे पिता राजेश खुंटे उम्र 31 साल निवासी ग्राम औरदा थाना खरसिया शामिल हैं वहीं इनके तीन अन्य साथी अजय यादव निवासी संस्कार स्कूल के पास बोदाटिकरा जूटमिल, नंदु लहरे निवासी बरतुंगा व जयनंद साहू निवासी खुर्सीपाली खरसिया फरार है पुलिस इनकी पतासाजी में जुटी हुई है।
हत्या के आरोपी है दोनों फरार आरोपी
आरोपी नंदु लहरे और जयनंद साहू पूर्व में भी हत्या के आरोप में सजा पाये आरोपी है,जो वर्तमान में जमानत पर थे। अन्य आरोपियों में से राकेश खुंटे का भी थाना खरसिया में मारपीट संबंधी आपराधिक रिकार्ड, आकाश कहरा का थाना बलौदा में तथा अजय साव का थाना पुसौर में पूर्व आपराधिक रिकार्ड प्राप्त होने की जानकारी प्राप्त हुई है।

Related Posts

Leave a Comment