बलौद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अंतर्गत आने वाले करकाभाट गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां बुधवार की सुबह अचानक थाने में एक शख्स पहुंचकर बताया कि उसने 20 साल पहले उसके अपने दोस्त की हत्या शव दफनाया है तब से उसकी आत्मा उसे सता रही है। युवक के बताए गए जगह की खुदाई करने पर पुलिस को नर कंकाल भी बरामद हुए हैं।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम करकाभाट गांव निवासी टीकम कोलियार 43 साल और गांव के ही एक अन्य युवक छवेश्वर गोयल की आपस में अच्छी दोस्ती थी। तब इन दोनों की उम्र तकरीबन 18 साल रही होगी। इसी समय टीकम का गांव की एक लड़की प्रियंका (बदला हुआ नाम) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। टीकम की प्रेमिका पर उसका दोस्त छवेश्वर गलत नियत रखता था, आए दिन उससे छेड़छाड़ करता था। जिससे परेशान होकर उसने पूरे मामले की जानकारी अपने प्रेमी टीकम को दे दी। जिसके बाद टीकम ने अपने दोस्त को समझाया कि वो इस तरह की हरकत न करे। लेकिन इसके बावजूद वह नही माना और एक दिन छवेश्वर ने अपने दोस्त की प्रेमिका के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। इस बात की जानकारी तब टीकम में लगी तो वह गुस्से से आग बबूला हो गया और फिर छवेश्वर को पीट- पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद उसके शव को गांव से तकरीबन 300 मीटर दूर ले जाकर दफना दिया।
इस घटना के बाद छवेश्वर के परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नही मिला जिसके बाद उन्होंने 2003 में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद टीकम ने अपनी प्रेमिका के साथ शादी कर लिया और आज की स्थिति में उसके दो बच्चें भी हैं। सबसे खास बात यह है कि टीकम ने अपनी पत्नी तक को नही बताया था कि उसने अपने दोस्त की हत्या कर दी है।
इस हत्या की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी टीकम को उसके दोस्त की आत्मा के द्वारा परेशान किये जाने से वह भयभीत और परेशान हो चुका था। जिसके बाद उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर 2021 में गांव के ग्रामीणों और अपनी पत्नी को बताया उसने अपने दोस्त की 2003 हत्या में कर शव को दफना दिया है। जिसके बाद वह गांव के ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी युवक के निशानदेही के बाद जब पुलिस ने उस स्थल के तीन-चार जगह खुदाई करने के बावजूद शव नही मिलने पर पुलिस को लगा कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। लेकिन बार बार आरोपी टीकम कहता रहा उसने अपने दोस्त की हत्या कर दी और उसकी आत्मा उसे सता रही है। उसकी आत्मा उसे दिन व रात दिखती है। इधर मृतक युवक के पिता पुलिस के बड़े अधिकारी को ज्ञापन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग कर रहे थे कि उनका बेटा लापता नही बल्कि उसकी हत्या की गई है।
मृतक के पिता जगदीश गोयल ने पुलिस के बड़े अधिकारी व जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर इस मामले की जांच करने गुहार लगाई गई थी। जिसके बाद एसडीएम शीतल बंसल, तहसीलदार परमेश्वर मंडावी की मौजूदगी में 19 अपै्रल को आरोपी टीकम के बताए स्थल पर फिर से खुदाई करवाई गई जहां से मृतक छवेश्वर के शव के अवशेष मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खुदाई में हड्डियों के अलावा कपड़े और एक रूपये का सिक्का भी बरामद हुआ है। खुदाई में मिले सभी सामनों को फाॅरेंसिक जांच के लिये भेजा गया है।
इस संबंध में मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक कांता राम ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर पुनः खुदाई की गई। जहां पर कुछ हड्डियां और कपड़े मिले हैं। खुदाई में मिले सभी सामानों को फाॅरेंसिक के लिये भेजा गया है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा कि यह हड्डी इंसान की है या फिर किसी जानवर की है।
