जशपुर। प्रदेश के कई जिलों में एक लंबे अर्से से जंगली हाथियों का आतंक बना हुआ है। जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती संख्या से आए दिन उत्पात मचाने की खबर निकलकर सामने आती रही है। वहीं इंसानों और हाथियों के बीच जारी द्वंद्व में कभी इंसान तो कभी जंगली हाथियों की घटनाएं भी घटित हो रही है। इसी क्रम में मंगलवार की शाम जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कल शाम एक 60 वर्षीय व्यक्ति को हाथी ने कुचल दिया और उस व्यक्ति की मौत हो गई। नारायणपुर वन विभाग के लोगो को जानकारी मिली कि पोखरतोली के ही पास खेंगनाकूचा के जंगल मे एक 60 वर्षीय व्यक्ति की क्षत विक्षत लाश पड़ी हुई है। जानकारी पाकर वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला जिस व्यक्ति का जंगल में शव पड़ा है उसका नाम शुभाष यादव है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण जंगल मे पुटू के लिए निकला था लेकिन कई घण्टे बीत जाने के बावजूद वह वापस नही लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। लेकिन जब तक घर वाले उसका पता लगाते तब तक उसकी लाश मिलने की खबर आ चुकी थी। वन विभाग ने मृतक के शव को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
