कोरबा। बकरी चराने जंगल गए दो ग्रामीणों का अचानक भालू से सामना हो गया। इस दौरान भालू ने एक पर हमला कर दिया मगर वही पास में मौजूद उसके दोस्त ने उसे बचाने की बजाए भागकर अपनी जान बचाना मुनासिब समझा। मगर इसके बावजूद ग्रामीण अपनी जान बचाने 20 मिनट तक भालू से लड़ता रहा और अंततः किसी तरह भालू से बचकर घायल अवस्था में अपने घर पहुंचा जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको रेंज में सुमरन साय अपने साथ के साथ बकरी चराने जंगल गया हुआ था। इस बीच एक भालु ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू से अपनी जान बचाने सुमरन शोर मचाता रहा और जो उसके हाथ में आ रहा था वह उससे उस पर वार करता रहा। मगर पास ही खड़े उसके दोस्त ने उसे बचाने के स्थान पर जंगल से वापस गांव भागने में ही अपनी भलाई समझी।
इसके बावजूद सुमरन ने हार नही मानी और 20 मिनट तक भालू से सामना करता रहा। जिसके बाद भालू वापस जंगल की ओर भाग गया। जिसके बाद घायल अवस्था में सुमरन अपने घर पहुंचा। परिजनों ने उसे उपचार हेतु मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया है।
