कांकेर शहर में फिर एक बार भालू रिहायशी इलाके में घुस आया। एकता नगर वार्ड की गलियों में सोमवार सुबह-सुबह एक भालू घूमता नजर आया। सुबह टहलने निकले लोग भालू को आता देख घरों में घुस गए। हालांकि भालू ने किसी पर हमला नहीं किया है।
बिजली विभाग के दफ्तर और जनरल हॉस्टल के आसपास भालू मौजूद रहा। काफी देर घूमने के बाद भालू पहाड़ी की ओर चला गया। शहर में भालुओं की आमद जारी है। आए दिन भालू रिहायशी इलाकों में घुस आते हैं।
कांकेर शहर पहाड़ी से घिरा हुआ है। जिसके चलते वन्य प्राणी कई बार शहर तक चले आते हैं। रहवासियों का कहना है कि, भोजन-पानी की तलाश में भालू कई बार यहां घूमते देखे गए हैं। इन्हें रोकने की वन विभाग ने कई कोशिश भी की है। लेकिन पहाड़ी से भालू आसपास के घरों तक पहुंच ही जाते हैं।
भालू के हमले में अब तक कांकेर और आसपास के गांवों में काफी लोग घायल भी हो चुके हैं। तो कुछ की मौत भी हो चुकी है। पहले भी भालू शहर में कई इलाकों पुराना बस स्टैंड, मांझा पारा वार्ड, आदर्श नगर, एमजी वार्ड, जनकपुर वार्ड में घुस चुका है।
वन अमले के पास भालुओं को पकड़कर दूर छोड़ने का कोई उपाय नहीं है। राम नगर में कुछ महीने पहले भालू ने एक मजदूर पर हमला भी किया था। जिससे मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गया था।
