नई दिल्ली । एक तरफ जहां राजधानी दिल्ली के राजपथ पर दुनिया भारत की ताकत देख रही है, तो वहीं दूसरी ओर किसान आंदोलन के दौरान राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर पुलिस बैरिकैडिंग तोड़ने की खबरें मिली है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों द्वारा पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। वहीं आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं। दिल्ली में प्रदर्शनकारी किसानों ने आईटीओ इलाके में एक डीटीसी बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने जब ऐसा करने से इनकार किया तो बहस करने लगे और पथराव शुरू कर दिया। यह भी जानकारी है कि कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों की ट्रैक्टर रैली दिलशाद गार्डन पहुंची। पुलिस किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है। इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। ट्रैक्टर रैली के दौरान कुछ जगह पर हो रही हिंसा पर राकेश टिकैत ने कहा कि ये मेरी जानकारी में नहीं है। खबर है कि किसान संगठन से जुड़े कार्यकर्ता लगातार निर्धारित मार्ग को तोड़कर दिल्ली में प्रवेश की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान आज राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च कर रहे हैं। आज होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर से दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं। टिकरी बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली दिल्ली में दाखिल हुई। इसी के मद्देनजर गणतंत्र दिवस समारोह व किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा कर दी गई है और सड़कों पर 50000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं।
420
