जर्जर सड़क के चलते खड़ी फसल पर पलटा कोयला लोड ट्रेलर, किसान को नुकसान, चालक ने कूदकर बचाई जान, किसान को हुई क्षति

by Kakajee News

रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राबर्टसन रेलवे साईडिंग से ऐडु की ओर जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति के कारण इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। इसी क्रम में बीती रात डूमरपाली के पास एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई जिसके कारण किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एडब्ल्यू 1543 अडानी के गारे पेलमा खदान से कोयला लोड कर राबर्टसन कोल साईडिंग जा रही थी। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे ग्राम बडे डूमरपाली के पास सड़क की जर्जर स्थिति के कारण मोड पर वाहन का चालक अपने वाहन पर नियंत्रण नही रख सका ओर कोयला लोड ट्रेलर लहराते हुए एक खेत में जा घुसी। खेत में घुसे ट्रेलर के डाले से कोयला भरभराकर खेत में उगे धान में गिर गया और इस घटना के कारण एक तरफ जहां ट्रेलर चालक की जान बाल-बाल बची तो वहीं इस घटना में खेत के मालिक किसान को भी धान के नुकसान के रूप में काफी क्षति का सामना करना पड़ा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि राबर्टसन से ऐडु मार्ग पर सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आये दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही है। क्षेत्र के लोगों के द्वारा इस सड़क में सुधार अथवा या दोबारा सड़क का कायाकल्प करने की मांग उठाई जाती रही है। मगर अब तक सड़क निर्माण नही हो पाने के कारण स्थिति बद से बदतर होनें लगी है।

Related Posts