ऐसा कॉल आये तो डरे नहीं….ये है साइबर ठगों का नया पैंतरा, युवती को डराकर ठगे 30 हजार रुपये

by Kakajee News

साइबर ठगों ने युवती को जाल में फंसाने के लिए नया पैंतरा आजमाया। युवती को फोन कर बताया कि उसके भाई ने एक अधिवक्ता के पुत्र की हत्या कर दी है। अब उसके भाई को जेल जाना पड़ेगा, यदि उसे बचाना है तो 30 हजार रुपये की व्यवस्था करनी होगी। युवती अपने भाई का नाम सुनकर बुरी तरह डर गई और रकम की व्यवस्था कर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। कुछ देर बाद जब भाई घर पहुंचा, तो सच का पता चला। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा बोधाश्रम निवासी राखी ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि रविवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे एक बाहर के नंबर से उसके मोबाइल पर कॉल आया। जिसमें साइबर ठग ने खुद को डीएसपी बताया और हड़काते हुए कहा कि विनय तुम्हारा भाई है। उसने एक वकील के बेटे की हत्या कर दी है, इसलिए हमने उसे हिरासत में लिया है। अब उसे जेल भेजेंगे। युवती ये बात सुनकर डर गई। इसके बाद युवती से 30 हजार रुपये की मांग की गई।

भाई को किसी भी हालत में बचाने के लिए उसने आरोपियों द्वारा बताए गए नंबर पर तीन बार में 30 हजार रुपये भेज दिए। पैसे भेजने के कुछ समय बाद ही युवती का भाई घर पहुंच गया। उसने भाई से पूछा कि क्या मामला है। तो युवक ने ऐसे किसी भी मामले की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। उसके बाद परिवार के लोगों को ठगी की बात समझ आई। जिस नंबर से बात हुई तो वह भी बंद आने लगा।

पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर सेल में की है। साइबर टीम मामले की जांच में जुट गई है। साइबर सेल प्रभारी आलोक मिश्रा ने कहा कि हो सकता है एकल खिड़की पर शिकायत आई हो। इस मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts