रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने एटीएम की क्लोनिंग कर रुपए निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को राधिका लॉज एसबीआई एटीएम से रुपए निकालने की फिराक में एटीएम से छेडख़ानी करते समय रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपीगण क्लोनिंग कर बनाए एटीएम कार्ड से किसी व्यक्ति के जमा पूंजी निकाल पाते उसके पहले कोतवाली पुलिस की तत्काल कार्रवाई से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड़ स्थित राधिका लॉज के सामने एसबीआई एटीएम के गार्ड जय राम नायक निवासी जुर्डा चक्रधरनगर के द्वारा सुबह करीब 10.30 बजे कोतवाली थाने को सूचना दिया कि दो संदिग्ध युवक एटीएम मशीन के साथ छेडख़ानी कर गलत तरीके से रुपए आहरण करने का प्रयास कर रहे हैं सूचना के तुरंत बाद कोतवाली थाने से स्टाफ आकर दोनों युवकों को एक बैग के साथ थाने लेकर गई तलाशी में दोनों के पास से 10 एटीएम कार्ड, एटीएम रीडर, क्लोनिंग मशीन, दो मोबाइल, हेडफोन, दो पर्स मिला पूछताछ में दोनों ने अपना नाम विकास कुमार मालाकार पिता शंभू मालाकार उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम सिदल्ला जिला नवादा बिहार, पिंटू कुमार सिंह पिता गोरेलाल सिंह 40 वर्ष निवासी अकबरपुर जिला नवादा बिहार बताये। एटीएम रीडर, क्लोनिंग मशीन तथा अलग-अलग बैंकों के अलग-अलग नामों से रखे हुए एटीएम कार्ड के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों संदेही बताएं कि वे ऐसे एटीएम कार्ड धारक जिन्हें एटीएम कार्ड उपयोग नहीं करना आता, उन्हें मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड को अपने पास रखे रीडर डिवाइस में लोगों के एटीएम को स्वाइप कर उनकी अकाउंट की आंतरिक जानकारी ले लेते हैं फिर अपने इक्विपमेंट में दूसरे-दूसरे बैंक के खाली एटीएम कार्ड में जानकारी स्थानांतरित कर लोगों के पैसे निकाल लेते हैं। दोनों के अपराध स्वीकार के बाद थाना कोतवाली रायगढ़ में बैंक गार्ड जय राम नायक के रिपोर्ट पर दर्ज धारा 380, 511 भादवि में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है आरोपीगण बताएं कि इनका पेशा ही यही है इनके गांव आसपास और भी कई लोग है जो इस तरह के अपराधों से जुड़े है वे सभी अलग-अलग शहरों में घूम-घूम कर इस तरह से वारदातों को अंजाम देते हैं । तीन दिन पहले रायगढ़ आए थे तथा किराए मकान पर रहकर रायगढ़ के अलग-अलग एटीएम में जाकर ग्राहक तलाश रहे थे पर यहां सफल नहीं हुए और आज पुन: रूपये निकाले के प्रयास में कोतवाली पुलिस के हाथ आ गए कोतवाली पुलिस आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी अन्य जिलों से साझा की गई है। आरोपियों के अन्य अपराधिक रिकार्ड की जानकारी प्राप्त की जा रही है । पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, बिलासपुर रतन लाल डांगी एवं पुलिस अधीक्षक रायगढ़ संतोष कुमार सिंह द्वारा आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है। इस कार्रवाई में टी.आई. कोतवाली कृष्णकांत सिंह, उप निरीक्षक बी.एस. डहरिया, प्रधान आरक्षक नंदू सारथी, श्यामदेव साहू, आरक्षक हेमन पात्रे, अभय यादव, लखेश्वर पुरसेठ की अहम भूमिका रही है ।
271
