कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भी अब जंगली हाथियों का उत्पात शुरू हो चुका है। बीती रात दो दंतैल हाथी ने गांव में दस्तक देते हुए आधे दर्जन से अधिक मकानों को तोड़ा है। साथ ही साथ कई किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। जिसके बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के पसान में बीीती रात दो हाथी गांव में घुस गए और आतंक मचाने लगे। अचानक गांव में दो हाथियों को देखकर गांव में हड़कम मच गया और कई ग्रामीण अपनी जान बचाने अपना घर छोड़कर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि गांव में घुसे दोनों दंतैल हाथी एक के बाद एक करीब गांव के 7 मकानों को क्षति पहंुचाया है। साथ ही साथ घर में रखे अनाज को खाते हुए ग्रामीण किसानों की फसलों को भी रौंद दिया है। गांव के ग्रामीण हाथियों की चिंघाड़ सुनकर एक दूसरे के घर में सिमटे हुए थे।
गांव में हाथी घुसने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद हाथी को जंगलों की ओर भगाया गया तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। साथ ही वन विभाग की टीम गांव में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की तरफ नही जाने की बात कही गई है।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के दल से भटके दो हाथी कुछ दिनों से उनके गांव की तरफ विचरण कर रहे हैं जिससे गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। गांव के लोग अपनी जान बचाने की खातिर रतजगा करने पर मजबूर हो चुके हैं।
83
