देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बीते कुछ दिनों से ठंड में कमी होने के बाद एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है और कुछ स्थानों पर आज बारिश होने का आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एकबार फिर से मौसम के बिगड़ गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी भारत में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है वहीं मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।
मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि हो सकती है। मध्यप्रदेश के कई इलाकों में आज सुबह-सुबह बारिश भी हुई है। बारिश के कारण शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं झारखंड में राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश होने के बाद ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।
हिमाचल में फिर शुरू हो सकती है बर्फबारी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 21 फरवरी तक फिर से एक बार उत्तरी भारत में बर्फबारी शुरू हो सकती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है।
इधर उत्तर प्रदेश में बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम खुश्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है और इसलिए सुबह-सुबह आवागमन प्रभावित हो सकता है। उत्तर प्रदेश में कुछ जिलों में तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी हुई है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देश के अन्य इलाकों में बर्फबारी व बारिश के कारण उत्तरप्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल उत्तरप्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया, जबकि 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ झांसी सबसे गर्म रहा।
330
