बलरामपुर रामनुजगंज प्रतापपुर की भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के देवर विजय बहादुर सिंह की आज सुबह एक हादसे में मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, विजय बहादुर सिंह रविवार सुबह लगभग 9 बजे अपने खेतों की ओर ट्रैक्टर लेकर निकले थे। खेती-किसानी से जुड़े काम के लिए वे स्वयं ट्रैक्टर चला रहे थे। रास्ते में अचानाक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। विजय बहादुर सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आस-पास के ग्रामीणों में कोहराम मच गया। लोगों ने तुरंत रघुनाथनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
विजय बहादुर सिंह न केवल विधायक के पारिवारिक सदस्य थे, बल्कि समाज में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे। उनकी सरलता और मिलनसार स्वभाव के चलते क्षेत्र में उन्हें काफी लोग जानते और सम्मान करते थे। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में भी शोक व्याप्त है।
विजय बहादुर सिंह का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे उनके गृह ग्राम मुड़िया में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के लोग और जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
रघुनाथनगर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला हादसे का है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा और विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है
