बलौदा बाजार. जिले के अर्जुनी और सोनाखान परिक्षेत्र के वन क्षेत्रों में इन दिनों 28 हाथियों का एक विशाल झुंड सक्रिय है। हाल ही में बिलाईगढ़ क्षेत्र में उत्पात मचाने के बाद यह झुंड बलौदा बाजार के जंगलों में पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत और चिंता का माहौल व्याप्त है।
बुधवार देर रात करीब 2 बजे यह झुंड महाराजी गांव की सीमा में दाखिल हुआ और किसानों के खेतों में भारी तबाही मचाई। खेतों में खड़ी फसलें रौंद दी गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। अचानक हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने रातभर जागकर अपनी सुरक्षा की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बलौदा बाजार वन मंडल ने तत्काल एक्शन लेते हुए प्रशिक्षित हाथियों की मदद से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया है। हाथियों को आबादी से दूर भगाने के लिए अभियान जारी है। साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए झुंड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें और खुद किसी भी जोखिम से बचें। विभाग ने यह भी आशंका जताई है कि यह झुंड समीपवर्ती गांवों की ओर बढ़ सकता है, जिससे सतर्कता और सहयोग की जरूरत और बढ़ गई है।
31
