जशपुर ।जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जशपुर पुलिस ने 36 वर्षीय आरोपी प्रमोद गिद्धी को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है, जो घटना के बाद फरार था और साउथ इंडिया भागने की तैयारी में था।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इसका खुलासा किया।
प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका के चलते 36 वर्षीय महिला सुभद्रा ठाकुर और उसके दो बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। बेल्ट से गला घोंटकर तीनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने शवों को तपकरा क्षेत्र के साजबहार स्थित उतियाल नदी के किनारे दफना दिया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने खुलासा किया कि उसने आत्मग्लानि में जहर खा लिया था। रास्ते में हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जशपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति अब स्थिर है।
23 जून को पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में तिहरे हत्याकांड की बात कर रहा है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उत्खनन कर तीनों शवों को बरामद किया। शवों की पहचान सुभद्रा ठाकुर और उसके बच्चों के रूप में हुई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए 5 अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की लोकेशन रांची में ट्रेस हुई, जिसके बाद वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया।
आरोपी प्रमोद गिद्धी के खिलाफ थाना तपकरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तीनों हत्याओं की बात स्वीकार कर ली है।
इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाली पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, निरीक्षक संदीप कौशिक, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक हरिशंकर राम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
42
