रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने बोतल्दा रॉक गार्डन पहुंचे युवक की झरने में कूदने के दौरान सिर में चोट लगकर पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक सचिन कुमार साह 20 साल, निवासी बिहार, जो पिछले कुछ समय से जूटमिल इलाके में अपने जीजा के यहां रहकर किसी निजी संस्था में काम करते आ रहा था। शुक्रवार की सुबह सचिन अपने 12 अन्य दोस्तों के साथ अलग-अलग मोटर सायकल में पिकनिक मनाने रायगढ़ जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर बोतल्दा रॉक गार्डन पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ नहाते समय सचिन उपर से कूद रहा था इस दौरान संतुलन बिगड़ जाने के चलते वह सिर के बल झरने में गिरा जिससे सिर में चोट लग जाने के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद काफी खोजबीन करने के बाद उसका शव मिला। जिसके बाद शव बाहर निकालकर उसके दोस्तों ने पूरी घटना की जानकारी खरसिया थाने में दी।
झरने में डूबकर युवक की मौत की खबर मिलते ही खरसिया पुलिस के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए सचिन के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेज दिया गया है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल पुलिस पूरे मामले को जांच में ले लिया है।
65
