एमबीबीएस के छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर दी जान,मृतक का कमरे के अंदर एंगल में लटकती मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी

by Kakajee News

कोरबा मेडिकल कॉलेज से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां 24 वर्षीय छात्र हिमांशु कश्यप, निवासी बिलासपुर ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार हिमांशु अपने साथी पुष्प राज के साथ हॉस्टल के कमरा नंबर ए/13 में रह रहा था। शनिवार को उसका फॉलोलॉजी विषय का परीक्षा दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक निर्धारित था। लेकिन परीक्षा से कुछ ही घंटे पहले उसने यह कदम उठा लिया। जब वह परीक्षा में अनुपस्थित रहा, तब खोजबीन की गई और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो हिमांशु की लाश कमरे के एंगल से लटकती मिली।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक छात्र मेडिकल कॉलेज से बाहर निकला और पास की दुकान से रस्सी खरीदकर लाया था, जिसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जानकारी यह भी सामने आई है कि हिमांशु एक साल से पढ़ाई में बैकलॉग कर रहा था और वर्तमान में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर की परीक्षा दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं जिला मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर ने बताया कि मृतक तीन पेपर दे चुका था और रविवार को चौथा पेपर था, लेकिन परीक्षा में अनुपस्थित रहने के बाद ही उसकी खोजबीन की गई और यह दुखद घटना सामने आई।

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कॉलेज प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हुए हैं। हॉस्टल में रह रहे करीब 150 छात्रों के बीच गमगीन माहौल बना हुआ है।

Related Posts

Leave a Comment