अधिकारियों ने काला फीता लगाकर किया विरोध प्रदर्शन, डॉक्टर के साथ हुए मारपीट के मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग, एसपी और कलेक्टर के नाम सौंपा पत्र

by Kakajee News

कोरबा। मंगलवार को सीएमओएआई गेवरा क्षेत्र के अधिकारियों ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में काला फीता लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. अर्पण विश्वास पर गांव के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए मारपीट के विरोध में आयोजित किया गया। घटना के बाद अधिकारियों में व्यापक रोष व्याप्त है और सभी ने सामूहिक रूप से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।
बताया गया कि हरदी बाजार इलाके के गांव में डॉ. अर्पण विश्वास स्वास्थ्य शिविर में अपनी सेवाएं दे रहे थे, तभी अचानक कुछ उपद्रवी तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। इस निंदनीय घटना की सभी अधिकारियों ने कड़ी निंदा की। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और एकजुटता का संदेश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले भी एल एंड आर विभाग के अधिकारी शिखर सिंह चौहान के साथ इसी प्रकार की मारपीट की घटना हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण अधिकारी दहशत और असुरक्षा की भावना में काम करने को मजबूर हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल के सुरक्षित वातावरण को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कोल इंडिया प्रबंधन एवं छत्तीसगढ़ प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अधिकारियों ने इस सामूहिक विरोध के माध्यम से संदेश दिया कि वे सभी एकजुट हैं और अपनी सुरक्षा व अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं। साथ ही सभी अधिकारियों से अपील की गई है कि कम से कम एक सप्ताह तक कार्य के दौरान विरोध स्वरूप काला फीता पहनकर अपनी एकता और विरोध दर्ज कराते रहें।
उन्होंने बताया कि जो धाराएं लगाई गई है वह उचित नहीं है इसमें धारा में परिवर्तन किया जाए इसे लेकर सपा और कलेक्टर को पत्राचार किया गया है।

Related Posts

Leave a Comment