डूमरपाली में भूपदेवपुर पुलिस ने लगाया पुलिस जन चौपाल, साइबर जागरूकता, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा पर जोर, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिक सहभागिता को बताया जरूरी, “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन की दी जानकारी

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। कल थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली में महिला सुरक्षा एवं नशामुक्ति पर केंद्रित पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में डूमरपाली सहित आसपास के 7-8 गांवों की लगभग 500-600 महिलाएं, महिला समितियों के सदस्य तथा कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम गेजामुड़ा की महिला समिति की सदस्याएं भी शामिल हुईं।
उल्लेखनीय है कि जिले में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डूमरपाली एवं गेजामुड़ा की महिला समितियों ने पुलिस से गांव में जन चौपाल आयोजित करने का आग्रह किया था, जिस पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा थाना कोतरारोड एवं भूपदेवपुर पुलिस को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में डीएसपी उन्नति ठाकुर एवं थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने ऑपरेशन आघात की विस्तृत जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा हेतु संचालित हेल्पलाइन “हेलो सिस्टर” (नंबर 9479270533) के बारे में बताया और महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता के लिए निःसंकोच संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में महिलाओं को नशामुक्त समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में महिला समितियां सक्रिय होकर निगरानी कर रही हैं और पुलिस को सूचना दे रही हैं, वहां अपराध, घरेलू हिंसा और विवादों में कमी आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा न केवल अपराध को बढ़ावा देता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का भी प्रमुख कारण है। पुलिस द्वारा ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों पर तथा ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन की मॉनिटरिंग उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अज्ञात कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की भी अपील की।
थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन में क्षेत्र के प्रत्येक गांव में पुलिस द्वारा पहुंचकर अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध समझाइश के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से अपने गांवों को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया और भविष्य में पुलिस के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्य करने का आश्वासन दिया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश — “नशे के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है, किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें