जनदर्शनः कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, कई प्रकरणों का मौके पर समाधान, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ । जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जहां लोगों ने शासन-प्रशासन से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं। जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, अनुकंपा नियुक्ति, महतारी वंदन योजना, आर्थिक सहायता, आधार सुविधा केंद्र, सौर विद्युतीकरण, पशुधन के लिए चारा, फौती नामांतरण, सीमांकन, पेंशन एवं भूमिहीनों के लिए आर्थिक सहायता जैसे विविध विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जनदर्शन में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई प्रकरणों में तत्काल पहल करते हुए मौके पर ही समाधान भी किया, जिससे आवेदकों को त्वरित राहत मिली। शेष प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में नगर पालिक निगम रायगढ़ सहित बेहरापाली, विजयनगर, पुसौर, औरदा, कोतरा, सहसपुरी, खरसिया आदि क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निराकरण नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें