वेदांता पावर प्लांट के मालिक समेत अन्य पर एफआईआर, जांच में लापरवाही के कारण विस्फोट होनें की बात आई सामने

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंघीतराई में स्थित वेदांता पावर प्लांट में दो दिन पहले भीषण ब्लास्ट की चपेट में आकर 20 मजदूरों की मौत और एक दर्जन से अधिक के घायल हो जाने की घटना के बाद अब सक्ती पुलिस ने प्लांट के मालिक समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार की दोपहर बायलर में विस्फोट हो जाने की घटना में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, घायलों को तत्काल रायगढ़ जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान अब तक कुल 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है। वहीं अब भी 15 घायलों का अलग-अलग अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के बाद डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए थे। पुलिस एवं औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद बायलर मुख्य निरीक्षक द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक तकनीकी रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि बायलर फर्नेस के भीतर अत्यधिक मात्रा में ईंधन के जमा हो जाने के कारण तेज दबाव उत्पन्न हुआ, जिससे बायलर में विस्फोट हुआ। उत्पन्न दबाव के कारण बायलर का निचला पाइप अपनी निर्धारित स्थिति से हट गया, जिसके परिणामस्वरूप यह गंभीर दुर्घटना हुई। एफएसएल रिपोर्ट में भी यह पुष्टि की गई है कि अत्यधिक ईंधन संचय और उससे उत्पन्न अतिरिक्त दबाव ही विस्फोट की मुख्य वजह रहे।
जाँच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वेदांता कंपनी तथा एन.जी.एस.एल. द्वारा मशीनरी एवं उपकरणों के रख-रखाव तथा संचालन संबंधी मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया। उपकरणों की देखरेख में लापरवाही एवं संचालन में उपेक्षा के कारण बायलर के दबाव में अचानक उतार-चढ़ाव आया, जिसके परिणामस्वरूप यह दुर्घटना घटी। उपलब्ध साक्ष्यों एवं तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर घटना में लापरवाही परिलक्षित हुई है।
बहरहाल सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के दिशा निर्देश पर डभरा थाना की पुलिस टीम ने वेदांता कंपनी मालिक अनिल अग्रवाल, कंपनी के प्रबंधक देवेन्द्र पटेल सहित अन्य लोगों के खिलाफ धारा 106(1), 289, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें