रायगढ़ । रायगढ़ के पत्रकारों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने वार्ड क्रमांक 27 में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्रेस क्लब सामुदायिक भवन का विधिवत शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों को बधाई दी। यहां यह बताना लाजमी होगा कि रायगढ़ जिले के पत्रकार एक दशक से खुद का एक भवन का सपना देखते आ रहे थे और इसके लिये समय-समय पर मांग पत्र भी सौंपे गए थे। अब जाकर जिले के वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के हाथों इसका शिलान्यास संपन्न हुआ है और ऐसा लगता है कि जल्द एक सर्व सुविधायुक्त प्रेस क्लब भवन जिले के पत्रकारों को मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रेस क्लब भवन के लिए पत्रकार साथियों द्वारा निरंतर प्रयास, संवाद और फॉलोअप किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह कार्य प्रारंभ हो सका है। उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी प्रक्रिया पूर्ण होते ही शासन से 20 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई तथा 30 लाख रुपये विधायक निधि से स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है, जो समाज के महत्वपूर्ण वर्ग को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने नगर निगम के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सराहना की तथा निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और पूरी राशि का उपयोग बेहतर निर्माण में किया जाए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कोरबा प्रेस क्लब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का सुव्यवस्थित भवन एक गरिमामय वातावरण प्रदान करता है और रायगढ़ में भी उसी स्तर का सुसज्जित एवं आधुनिक भवन तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस निर्माण से रायगढ़ के पत्रकारों को एक सशक्त एवं सम्मानजनक मंच प्राप्त होगा। उन्होंने भवन के डिजाइन को लेकर कहा कि निर्माण इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में प्रथम तल के विस्तार की संभावना बनी रहे। साथ ही परिसर के शेष हिस्से में पार्किंग, गार्डन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर इसे एक सुव्यवस्थित कैंपस के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने मुख्य मार्ग के संभावित चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए भवन का निर्माण व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में वर्तमान में अनेक विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं और 100 से अधिक परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। रायगढ़ के विकास के लिए वे प्रतिदिन समय देकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रेस क्लब का यह भवन समाज के सशक्त स्तंभ को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रायगढ़ में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक ने कहा कि यह भवन पत्रकारों के लंबे समय से संजोए गए सपने को साकार करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायगढ़ में शिक्षा, अधोसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। नालंदा लाइब्रेरी सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं, जिनसे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास हो रहा है।
इस अवसर पर रायगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत, सचिव नवीन शर्मा के अलावा प्रेस क्लब के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष नरेश शर्मा, पूर्व सचिव दिनेश मिश्रा के अलावा वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी भी मंच पर उपस्थित थे। साथ ही साथ जिले के सभी पत्रकारों ने प्रेस क्लब भवन के शिलान्यास के अवसर पर एक दूसरे को बधाई देकर ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।
