रायगढ़ के घोघरा डेम में हाथी शावक का शव मिला, तेंदुपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने देखा शव, डूबने से मौत होने की आशंका

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले से वन्यजीव प्रेमियों को उदास कर देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले छाल रेंज में शुक्रवार सुबह एक हाथी शावक का शव डैम में तैरता हुआ पाया गया। इस दुखद घटना के सामने आते ही वन महकमे में हड़कंप मच गया है। आला अधिकारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना छाल रेंज के सिंझीझाप परिसर स्थित घोघरा डैम की है। शुक्रवार की अलसुबह जब स्थानीय ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जंगल की तरफ गए, तो उनकी नजर डैम के पानी में उतराते हुए एक हाथी के बच्चे (शावक) के शव पर पड़ी। यह नजारा देख ग्रामीण सहम गए और उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना ‘हाथी मित्र दल’ के साथ-साथ वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में बीते कुछ समय से हाथियों का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। काकाजी डॉट कॉम को मिली जानकारी के अनुसार सिंझीझाप परिसर में पहले से ही 5 हाथियों का एक छोटा दल मौजूद था। इसी बीच 15 अन्य हाथियों का एक बड़ा झुंड भी वहां आ पहुंचा और दोनों दल आपस में मिल गए। इससे हाथियों की कुल संख्या 20 हो गई। बीती रात यह 20 हाथियों का विशाल दल इसी घोघरा डैम के आसपास के इलाके में विचरण कर रहा था।
वन विभाग के सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि रात के वक्त हाथियों का यह बड़ा झुंड जब घोघरा डैम में पानी पीने या नहाने के लिए उतरा होगा, उसी दौरान यह नन्हा शावक गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
​फिलहाल  शव को डैम से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। हाथियों के इतने बड़े दल की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें