यूँ ही कोई नहीं बन जाता ओ.पी. चौधरी : एडव्होकेट बाबूलाल अग्रवाल

Picture of kakajee

kakajee

यह सामान्य अनुभव  रहता है कि छोटी-छोटी उपलब्धियां हमें न केवल अहंकारी बना देती हैं बल्कि जन सामान्य से खुद को अलग और श्रेष्ठ समझने का भाव पैदा कर उनसे दूर कर देती हैं। लेकिन कभी यदि इससे विपरीत अनुभव मिले तो कहना पड़ता है कि सोने में सुगंध उत्पन्न हो गई है। एक व्यक्ति, जिसने देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण आई.ए.एस. की परीक्षा उत्तीर्ण की हो, वर्षों तक छत्तीसगढ़ के अनेक महत्वपूर्ण जिलों में सफलतापूर्वक कलेक्टर के पद के दायित्व का निर्वाह किया हो, जिसे इस अंचल की जनता ने भारी बहुमत से चुन कर विधायक बनाया हो और जिसे हमारे प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने अपने मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का पद प्रदान किया हो; वह यदि जन-सामान्य से अंतरंगता स्थापित किया हुआ दिखे और सामान्य लोगों के साथ   पूरी तरह एकाकार होता हुआ मिले तो कहना होगा कि बात लीक से हटकर तो है, पर सत्य है। उपरोक्त बातें रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश के यशस्वी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के व्यक्तित्व में पूरी तरह सटीक बैठती है।
उनकी सरलता और सादगी से हम सबके अभिभूत होने का यह दुर्लभ अवसर विगत दिनों तब उपस्थित हुआ जब वे रायगढ़ में पहाड़ मंदिर के नव-निर्माण हेतु आयोजित भूमि-पूजन के कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में पधारे थे। उन्होंने उनके लिए की गई सभी विशेष व्यवस्थाओं को दरकिनार करते हुए वहां उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं से आत्मीय बातचीत की,भंडारे में सभी लोगों के साथ कतार में लग कर भोजन प्रसाद प्राप्त किया, किशोरों और बच्चों के साथ अनेक सेल्फियां खिंचवाईं और मंदिर के नव निर्माण में जन जन के सहयोग के महत्व को रेखांकित किया। लग ही नहीं रहा था कि कोई वी आई पी हमारे बीच  मौजूद है । मैं स्वयं इस कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित था और  इस संपूर्ण प्रेरक एवं अनुकरणीय घटनाक्रम का प्रत्यक्ष साक्षी रहा। सौभाग्य से,पहाड़ मंदिर नव-निर्माण समिति रायगढ़ में मैं कोषाध्यक्ष के रूप में अपना योगदान दे रहा हूँ।
माननीय ओ. पी. चौधरी जी ने मुझे सुझाव देते हुए पूर्व में ही कहा था कोई दानदाता यदि एक रूपया भी अर्पित करता है तो उसे ससम्मान और सहर्ष स्वीकार किया जाना चाहिए। उनका सारा जोर इस बात पर था कि प्रत्येक आमजन को यह एहसास हो और यह अवसर मिले कि मंदिर के नव निर्माण में वह भी सहभागी है।
लोकतंत्र के मूलभावों को चरितार्थ करने वाले रायगढ़ के सर्वांगीण विकास हेतु सतत् प्रत्यत्नशील ओ.पी. चौधरी के उज्जवल भविष्य हेतु हृदय से शुभकामनाएं।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें