रायगढ़। एनटीपीसी की लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना के विस्तार को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने सर्वसंबंधितों के लिए आधिकारिक सूचना जारी की है।
जारी सूचना के अनुसार, एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की क्षमता 3200 मेगावाट से बढ़ाकर 4800 मेगावाट करने का प्रस्ताव है। इसके तहत परियोजना में 800-800 मेगावाट की दो नई इकाइयों को जोड़ा जाना है। यह परियोजना रायगढ़ जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत अरमुडा, छपोरा, बोड़ाझरिया, महलोई, रियापल्ली, कंदागढ़, देवलपुरा, घुटकुपाली, थेंगापाली और लारा गांवों में स्थित है।
परियोजना के पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु 2 जून को सुबह 11 बजे ग्राम महलोई में जनसुनवाई आयोजित की जानी थी। लेकिन कलेक्टर कार्यालय रायगढ़ के अनुरोध पर उक्त जनसुनवाई को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना के तहत यह कार्रवाई की गई है। जनसुनवाई की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
17
