धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंधुमार (सीसीरिंगा) में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ अपनी ही वैध व पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर एक वृद्ध और उनके बेटे पर धारदार हथियार ‘टंगिया’ (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में पिता-पुत्र दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस की लचर कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिसके विरोध में अब पीड़ित परिवार ने जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है।
विवाद और खूनी मंजर..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई की सुबह करीब 07:30 बजे प्रार्थी गिरधारी यादव अपने वृद्ध पिता कैलाश यादव के साथ अपनी पैतृक जमीन पर मौजूद थे। इसी दौरान गाँव का ही निवासी टोंकाधार यादव (पिता रूपन यादव) दुर्भावनापूर्ण नीयत से जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से पहुँचा। जब गिरधारी और उनके पिता ने इस अवैध कृत्य का शांतिपूर्वक विरोध किया, तो आरोपी टोंकाधार यादव उग्र हो गया और अश्लील गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
सिर और चेहरे पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार..
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपने हाथ में रखी धारदार टंगिया (कुल्हाड़ी) से सीधे गिरधारी यादव के सिर पर वार कर दिया। बेटे को लहूलुहान देख जब वृद्ध पिता कैलाश यादव बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपी ने उन पर भी क्रूरतापूर्वक ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस वीभत्स हमले में गिरधारी के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव हुआ है (जिसमें 4-5 टांके आए हैं), वहीं उनके वृद्ध पिता के चेहरे पर टंगिया लगने से वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, आरोपी दे रहा धमकी..
घटना के तुरंत बाद पीड़ित किसी तरह लहूलुहान अवस्था में धरमजयगढ़ थाना पहुँचे, जहाँ उनका शासकीय डॉक्टरी मुलाहिजा (MLC) कराया गया। डॉक्टरों ने भी सिर और चेहरे जैसे संवेदनशील अंगों पर घातक हथियार से वार की पुष्टि की है।
पीड़ित का आरोप: “स्थानीय थाने ने मामले की गंभीरता को ताक पर रखकर बेहद मामूली और कमजोर धाराओं में FIR दर्ज की। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी तुरंत जमानत पर बाहर आ गया। अब वह खुलेआम घूम रहा है और केस वापस न लेने पर हमारे पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।”
SSP से कड़ी कार्रवाई की माँग..
आरोपी के हौसले बुलंद होने के कारण पीड़ित परिवार इस समय गहरे खौफ के साए में जीने को मजबूर है। प्रयुक्त घातक हथियार (टंगिया) और MLC रिपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए, प्रार्थी गिरधारी यादव ने रायगढ़ SSP को लिखित शिकायत सौंपकर FIR में गैर-जमानती व कड़ी धाराएं जोड़ने, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी करने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की माँग की है। अब देखना यह है कि जिला पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या रुख अपनाता है।
