खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत और गिट्टी परिवहन में लगे 5 भारी वाहन जब्त

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज अमला लगातार विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में शनिवार रात से रविवार सुबह तक जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने घरघोड़ा, धरमजयगढ़, छाल और खरसिया क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान रेत खदानों और खनिज परिवहन कर रहे भारी वाहनों की सघन जांच की गई।

जिला खनिज अधिकारी  रमाकांत सोनी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त कुल 5 भारी वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। अभियान के दौरान रेत खदानों, खनिज परिवहन मार्गों तथा संदेहास्पद भारी वाहनों की लगातार जांच की गई। जांच के दौरान घरघोड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते पाए जाने पर एक हाईवा वाहन को जब्त किया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद उक्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से घरघोड़ा थाना में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। इसी प्रकार पूंजीपथरा क्षेत्र में निम्न श्रेणी चूना पत्थर एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा और दो ट्रेलर सहित कुल चार वाहनों को पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों ने वाहनों की जांच के बाद उन्हें जब्त कर पूंजीपथरा थाना में पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा है। पूछताछ में वाहन चालकों ने बताया कि गिट्टी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के टिंबरलगा एवं गुलेढ़ी क्षेत्र की खदानों से लोड कर लाई गई थी।
जिला खनिज विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग के अनुसार प्रकरणों में नियमानुसार आगे दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।रात्रिकालीन कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आशीष गढ़पाले, खनि निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज उड़नदस्ता दल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए खनिज परिवहन मार्गों पर जांच अभियान संचालित किया गया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार लगातार सघन कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें