खरसिया में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताला तोड़कर 6.50 लाख के जेवर और 32 हजार नकद पार, पुलिस जांच में जुटी

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़ । जिले के खरसिया क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार तुरीभांठा खरसिया निवासी संजय केशरवानी राठौर चौक के पास मुर्गी दाना दुकान संचालित करते हैं। उनकी पत्नी बीते दिनों अपने मायके अंबिकापुर गई हुई थीं, जिसके चलते वह घर में अकेले रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि 22 मई की सुबह करीब 8 बजे संजय केशरवानी रोज की तरह घर में ताला लगाकर दुकान चले गए थे। रात करीब 9:30 बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे सहित दो कमरों के ताले टूटे हुए थे। अंदर अलमारी और दस्तावेजों की अटैची खुली पड़ी थी, जबकि पुश्तैनी तिजोरी का ताला भी टूटा मिला।

चोर घर में रखे सोने-चांदी के बड़ी मात्रा में जेवरात और नगदी रकम लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में सोने का रानी हार, चैन, चूड़ी, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमका, नथ, मांगटीका समेत कई आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के करधन, पायल, बिछिया, कड़ा, सिक्के और अन्य सामान भी चोरी हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सोना-चांदी के जेवरों की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपए तथा 32 हजार रुपए नकद बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर खरसिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(2) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें