कोल वॉशरी में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से ड्राइवर की मौके पर मौत, सिर कुचलने से फैली सनसनी

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़ । जिले के खरसिया क्षेत्र स्थित भाठिया एनर्जी एंड कोल वॉशरी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कंपनी के ड्राइवर की मौत हो गई। ट्रेलर वाहन के पहिए के नीचे आने से चालक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार भाठिया एनर्जी एंड कोल वॉशरी, छोटे डूमरपाली में ट्रांसपोर्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत कर्मचारी को 24 मई की दोपहर करीब 1 बजे कंपनी के ड्राइवर अनवर अहमद ने सूचना दी कि कंपनी के 2 नंबर धर्मकांटा के सामने मैदान में एक चालक ट्रेलर वाहन के पहिए के नीचे दब गया है।

सूचना मिलते ही प्रबंधन के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि कंपनी का ही ड्राइवर शिवमुनी यादव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। ट्रेलर क्रमांक CG12 BG2249 का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया था। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवमुनी यादव ट्रेलर वाहन के नीचे सो रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने बिना देखे लापरवाहीपूर्वक ट्रेलर आगे बढ़ा दिया, जिससे यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें