RAIGARH NEWS: आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा, रुपए की मांग और ब्लैकमेलिंग से परेशान किसान ने लगाई थी फांसी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ । जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुए आत्महत्या मामले में जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक को लगातार पैसों की मांग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम केराबहार निवासी भास्कर गुप्ता ने 23 जून 2024 को गांव के पंडरी तालाब के पास महुआ पेड़ में अपनी लूंगी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मृतक के दामाद प्रामिश कुमार विश्वाल द्वारा थाना लैलूंगा में दी गई थी। उस समय पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। जांच में यह बात सामने आई कि मृतक भास्कर गुप्ता को एक मोबाइल नंबर धारक द्वारा लगातार पैसों के लिए परेशान किया जा रहा था। मृतक द्वारा अलग-अलग किश्तों में 12 हजार 500 रुपए, 18 हजार 500 रुपए और 58 हजार 500 रुपए तक की रकम भेजे जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा उससे 85 हजार 500 रुपए की और मांग की जा रही थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि संबंधित व्यक्ति मृतक को लगातार फोन कर रकम जमा करने के लिए दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित एवं ब्लैकमेल कर रहा था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर भास्कर गुप्ता ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मर्ग डायरी के अवलोकन और जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना लैलूंगा पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और लेनदेन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई में जुटी हुई है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें