रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियानों से अपराधियों में खौफ, SSP शशि मोहन सिंह की रणनीति से अपराध पर कसता शिकंजा

by Kakajee News

 

रायगढ़। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस लगातार विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई कर रही है। एसएसपी के दिशा निर्देश पर जिला पुलिस अलग-अलग अपराधों की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए कई विशेष ऑपरेशन संचालित किए जा रहे हैं, जिनका असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है।
रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इन अभियानों से अपराधियों में भय का माहौल है। स्थिति यह है कि कई अपराधी स्वयं पुलिस के सामने पहुंचकर अपराध से तौबा करने और सरेंडर करने की बात कह चुके हैं। जिले में पुलिस की लगातार सक्रियता से आपराधिक गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगती नजर आ रही है।

अपराध के खिलाफ एक्शन मोड में रायगढ़ पुलिस
जिला पुलिस द्वारा वर्तमान में कई विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से अलग-अलग प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

“ऑपरेशन शंखनाद”
इस अभियान के तहत गौवंश एवं अन्य कृषक मवेशियों की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता और पशु तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रख रही है।

“ऑपरेशन आघात”
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत अवैध शराब, गांजा, अफीम और अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। लगातार छापेमारी और धरपकड़ से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

“ऑपरेशन अंकुश”
जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सट्टा खिलाने और खेलने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

“ऑपरेशन प्रहार”
संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी लाने के उद्देश्य से अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।

अब नए नामों से चलेंगे विशेष अभियान
राज्य स्तर पर “ऑपरेशन तलाश” और “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान संचालित किए जाने के चलते जिला स्तर पर इन अभियानों के नामों में बदलाव किया गया है।

“ऑपरेशन क्लीन हंट”
लंबे समय से फरार और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए पहले “ऑपरेशन तलाश” संचालित किया जा रहा था, जिसे अब “ऑपरेशन क्लीन हंट” नाम दिया गया है। इस अभियान के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है।

“अभियान संवेदना”
गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए पहले “ऑपरेशन मुस्कान” संचालित किया जा रहा था, जिसे अब “अभियान संवेदना” नाम दिया गया है। इस अभियान के जरिए संवेदनशील मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

अपराधियों में बढ़ा पुलिस का डर
एसएसपी शशि मोहन सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में पुलिसिंग का अंदाज पूरी तरह बदला नजर आ रहा है। लगातार कार्रवाई, सख्त निगरानी और विशेष अभियानों की वजह से अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी जिले में इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि रायगढ़ को अपराध मुक्त और सुरक्षित जिला बनाया जा सके।

Related Posts

Leave a Comment