कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीडपारा में गांजा कारोबार का भंडाफोड़, 6 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से हो रही थी गांजा सप्लाई

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीडपारा इलाके में दबिश देकर 6 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त गांजे की कीमत करीब 72 हजार रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली में पदस्थ उपनिरीक्षक ए.के. देवांगन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीडपारा निवासी इरशाद खान अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और गवाहों की उपस्थिति में पुलिस टीम ने बीडपारा स्थित मकान में दबिश दी।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए मकान के कमरे में रखी पीले रंग की प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली। बोरी के अंदर छह अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा मिला। सभी पैकेटों का वजन करने पर कुल 6.168 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा जब्त कर आरोपी इरशाद खान को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान इरशाद खान ने पुलिस को बताया कि गांजा जोगीडीपा निवासी मोहम्मद वसीम ने उसके पास रखवाया था। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने जोगीडीपा में दबिश देकर मोहम्मद वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वसीम ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से गांजा बिक्री के कारोबार से जुड़ा हुआ है और ओडिशा से गांजा मंगाकर सप्लाई करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी इरशाद खान (37 वर्ष) निवासी बीडपारा एवं मोहम्मद वसीम (43 वर्ष) निवासी जोगीडीपा के खिलाफ धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम के साथ साइबर सेल की टीम भी सक्रिय रूप से शामिल रही। पुलिस अब मामले में गांजा सप्लाई करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें