रायगढ। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कथित ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और इसे लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी तेज होने की संभावना है।
पीड़िता मूल रूप से कोरबा जिले की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि आरोपी युवक रायगढ़ के इंदिरा नगर क्षेत्र का निवासी वसीम रंगरेज है। महिला का आरोप है कि करीब पांच वर्ष पहले वसीम रंगरेज ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे शादी की थी। शादी के बाद उसे लगातार इस्लाम कबूल करने और कलमा पढ़ने के लिए दबाव बनाया जाता रहा।
महिला ने शिकायत में कहा है कि दो बच्चों के जन्म के बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना बढ़ा दी गई। उसने आरोप लगाया कि उसके बच्चों से भी “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे नारे लगवाए जाते थे। पीड़िता अपने दोनों बच्चों के साथ महिला थाना पहुंची और सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि आरोपी वसीम खान चार दिन पहले गांजा तस्करी से जुड़े एक मामले में जेल गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पीड़िता ने कल महिला थाना में अपने पति पर कई आरोप लगाये हैं। साथ ही पीड़िता ने एक वीडियो भी दिया है जिसमें कथित रूप से वसीम अपने बच्चांे को देश को लेकर आपत्तिजनक बात कही है। महिला के साथ मारपीट के अलावा अन्य मुद्दों पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
52
