शिक्षक के सूने मकान में चोरी, जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर गए अज्ञात चोर, पीड़ित ने थाने में लिखाई एफआईआर

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी जोबी इलाके में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बर्रा निवासी अक्षय कुमार राठिया, जो शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, 26 मई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर में ताला लगाकर पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रायगढ़ गए हुए थे। शाम करीब 4:45 बजे जब वे वापस घर लौटे तो बाउंड्री गेट का ताला सही सलामत मिला, लेकिन घर के मुख्य दरवाजे का ताला गायब था और दरवाजा खुला हुआ था।
घर के अंदर जाकर देखने पर बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी का लॉकर टूटा मिला। अज्ञात चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी कर फरार हो चुके थे। चोरी हुए सामान में एक सोने का हार, पीपल पत्ता माला, कर्णफूल, झुमका, मंगलसूत्र, तीन जोड़ी चांदी की पायल तथा नगद 2 हजार रुपये शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 98 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर चौकी जोबी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(3) एवं 305(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ चोरी के सुराग जुटाने में लगी हुई है।
ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें