RAIGARH NEWS: घर की आलमारी से 15 ग्राम सोने की माला और जगन्नाथ प्रतिमा चोरी, दो माह बाद थाने पहुंचा मामला

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ । जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंहा में एक घर से सोने के आभूषण और धार्मिक प्रतिमा चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिंहा निवासी शिव कुमार गुप्ता (58 वर्ष) ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर की आलमारी में रखी करीब 15 ग्राम वजनी सोने की खोपली माला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, तथा एक भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 मार्च को उनके साढ़ू का पुत्र रंजन पात्र अपने परिवार सहित उनके घर मेहमान के रूप में आया था, जो 21 मार्च की सुबह वापस अपने घर चला गया। उसी दिन रात लगभग 10 बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे।
अगली सुबह 22 मार्च को उनकी पत्नी तपस्वनी गुप्ता जब किसी कार्य से बाहर जाने के लिए तैयार हो रही थीं और आलमारी में रखी सोने की माला निकालने पहुंचीं, तब उन्होंने देखा कि आलमारी के लॉकर में चाबी पहले से लगी हुई थी। जांच करने पर लॉकर में रखी सोने की माला और भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा गायब मिली। परिवार के लोगों ने आसपास तथा रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन और पूछताछ की, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिला।
काफी समय तक स्वयं तलाश करने के बाद आखिरकार पीड़ित ने 30 मई को थाना पुसौर पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें