रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में उर्दना पुलिस लाइन में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन, करीब 400 पुलिसकर्मियों एवं परिजनों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, जांच और दवाइयों का लिया लाभ

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आज उर्दना स्थित पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल, सचिव डॉ. राजकुमार गुप्ता एवं अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस हेल्थ कैंप का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अक्सर पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी, व्यस्तता और समय के अभाव में अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जिसके कारण कई बीमारियां गंभीर रूप धारण कर लेती हैं। इस तरह के शिविरों से बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उनका समय पर उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने शिविर में अपनी सेवाएं देने पहुंचे सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रकाश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर और पुलिस दोनों ही समाज सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि शिविर में परामर्श लेने वाले पुलिसकर्मी यदि अगले 10 दिनों के भीतर संबंधित चिकित्सकों के पास फॉलोअप के लिए पहुंचते हैं तो उनसे किसी प्रकार की परामर्श फीस नहीं ली जाएगी।
आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल ने बताया कि शिविर में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र, त्वचा, अस्थि रोग, किडनी, दंत, बाल रोग, मनोरोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। उन्होंने बताया कि महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को देखते हुए विशेष जांच के लिए मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की नि:शुल्क जांच की गई।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और पुलिसकर्मियों के लिए स्वस्थ रहना उनकी जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के लिए आवश्यक है।
मेगा हेल्थ कैंप में लगभग 400 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श के साथ आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं तथा ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी एवं ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी नि:शुल्क की गईं। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर संबंधी विशेष जांच मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस के माध्यम से की गई।
सीनियर कंसल्टेंट मेडिसिन डॉ. जितेंद्र कुमार नायक ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई ऐसे पुलिसकर्मी मिले जिनकी आयु 30 से 40 वर्ष के बीच है और उन्हें यह जानकारी तक नहीं थी कि वे उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर जैसी समस्याओं से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि दवाइयों के साथ-साथ आहार, जीवनशैली और नियमित व्यायाम संबंधी सलाह भी दी गई, जिससे पुलिसकर्मी स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।
शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान करने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभात पटेल, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार गुप्ता एवं डॉ. डोलेश्वर पटेल, शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. संजीब पुरकायस्थ, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जया साहू एवं डॉ. दिनेश पटेल, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश पटेल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र नायक, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. घनेन्द्र वर्मा, किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना पटेल, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओम पंडा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहा चेतवानी, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. गौतम शर्मा, आहार विशेषज्ञ सुश्री गायत्री साहू, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वाई. शिंदे, डॉ. ज्योत्सना अग्रवाल, डॉ. कीर्ति नंदा, डॉ. स्वाति मिश्रा, डॉ. मेनका पटेल एवं डॉ. कुंती पटेल तथा पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. मुकुंद अग्रवाल शामिल रहे।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें