रायगढ़ में फिर एक हाथी शावक की मौत, नदी में डूबने से हुई मौत, एक माह के भीतर चौथी घटना, जांच में जुटा वन अमला

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। रायगढ़ जिले में हाथी शावकों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में रायगढ़ वन मंडल के खरसिया रेंज अंतर्गत मांड नदी के गुर्दा क्षेत्र में एक हाथी शावक की पानी में डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जिस क्षेत्र में शावक का शव मिला है, वहां इन दिनों लगभग 50 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर शावक की मौत पानी में डूबने से होना बताया जा रहा है, हालांकि वन विभाग द्वारा पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। बताया जा रहा कि आज सुबह 9 बजे ग्रामीणों ने पहले शव देखा जिसके बाद वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई। शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया है।

गौरतलब है कि मई महीने के दौरान जिले में पानी में डूबने से तीन हाथी शावकों की मौत हो चुकी थी। अब एक और शावक की मौत के साथ बीते 31 दिनों के भीतर चार हाथी शावकों की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रायगढ़ जिला पिछले कुछ समय से हाथियों की मौत के मामलों को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अब तक जिले में 9 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में शावकों की मौत वन प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

 

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें